गरियाबंद-जिला

वन विभाग से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों को दिया गया उत्पाद बिक्री एवं विपणन का दो दिवसीय प्रशिक्षण

0Shares
खबरें सुन्नें के लिए बटन को दबाऐं

गरियाबंद…वन विभाग एवं फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी (FES) के संयुक्त तत्वावधान में नीलाम हॉल गरियाबंद में वन विभाग से जुड़ी विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों के लिए हाट-बाजार में उत्पाद विक्रय एवं विपणन कौशल विकास हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण का संचालन FES के सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर मुराद अली ने किया। उन्होंने महिलाओं को उत्पाद प्रस्तुतीकरण, उचित मूल्य निर्धारण, ग्राहकों से प्रभावी संवाद, स्वच्छ एवं आकर्षक विक्रय पद्धति तथा बाजार में आत्मविश्वास के साथ बिक्री करने की बारीकियां सिखाईं।

प्रशिक्षण को व्यावहारिक बनाने के लिए महिलाओं ने बस स्टैंड परिसर एवं कलेक्ट्रेट परिसर गरियाबंद में स्टॉल लगाकर प्रत्यक्ष उत्पाद बिक्री का अनुभव प्राप्त किया। इस अभ्यास में महिलाओं ने मात्र कुछ घंटों में ही लगभग 5,000 रुपये के स्थानीय वनोपज आधारित उत्पाद सफलतापूर्वक बेचकर अपनी सीख को सिद्ध कर दिखाया।

समापन समारोह में जिला वनोपज सहकारी संघ मर्या. गरियाबंद के अध्यक्ष श्री कल्याण सिंह कपिल, संचालक सदस्य श्री दयाराम नागेश, उप प्रबंध संचालक श्री अतुल श्रीवास्तव सहित जिला यूनियन के लेखापाल, सीनियर एग्जीक्यूटिव, सहायक प्रबंधक, वन धन मैनेजर तथा गरियाबंद, जोबा, नवागढ़, गोना, दर्रीपारा, धवलपुर एवं छुरा समिति के प्रबंधकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना, उनकी आय में वृद्धि करना तथा महुआ, चार, इमली, बैगा नींबू जैसे स्थानीय लघु वनोपजों को उचित बाजार उपलब्ध कराना रहा।महिलाओं ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि अब वे आत्मविश्वास के साथ हाट-बाजारों में अपने उत्पाद बेच सकेंगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *